समाचारलोक

इस्लामी आतंकियों ने कश्मीर में 27 पर्यटकों को गोलियों से भूना

कश्मीर के पहलगाम शहर के निकट एक मशहूर घास के मैदान में मंगलवार को इस्लामी आतंकवादियाें ने धर्म पूछकर हिंदू पर्यटकों को निशाना बनाते हुए गोलीबारी की। इस भीषण हमले में 26 लोगों की मौत हो गयी, जिनमें ज्यादातर पर्यटक हैं। करीब 20 लोग घायल हुए हैं। एक उच्च पदस्थ अधिकारी ने बताया कि मृतकों में दो विदेशी और दो स्थानीय नागरिक हैं।

यह जम्मू कश्मीर में धारा 370 हटाये जाने के बाद सबसे बड़ा आतंकी हमला है। पाकिस्तान स्थित प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के छद्म संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (टीआरएफ) ने हमले की जिम्मेदारी ली है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सऊदी अरब की यात्रा पर गये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्थिति की जानकारी दी। एजेंसियों के साथ तत्काल सुरक्षा समीक्षा बैठक के लिए शाह शाम को श्रीनगर पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि हमलावरों की तलाश के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।

‘मिनी स्विट्जरलैंड’ कहे जाने वाले बैसरन के घास के मैदान में अपराह्न करीब तीन बजे हमला हुआ। पर्यटक आम दिनों की तरह खूबसूरत नजारों का आनंद ले रहे थे। अधिकारियों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हथियारबंद आतंकवादियों ने भोजनालयों के आसपास घूम रहे, खच्चर की सवारी कर रहे और पिकनिक मना रहे पर्यटकों पर गोलीबारी शुरू कर दी। एक महिला पर्यटक ने बताया कि वहां अफरातफरी मच गयी और सब लोग छिपने के लिए भागे, लेकिन खुले स्थान पर छिपने के लिए कोई जगह नहीं थी। एक महिला ने बताया कि आतंकवादियों ने गोली मारने से पहले नाम पूछा। कुछ लोगों का कहना है कि हमलावरों की संख्या पांच थी।

घटनास्थल के कथित वीडियो में शवों और रोती हुईं महिलाओं का दहला देने वाला दृश्य देखा जा सकता है। हालांकि, इस वीडियो की आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं हुई है। बैसरन में एकत्र हुए पर्यटक कर्नाटक, महाराष्ट्र और गुजरात समेत कई राज्यों से थे। मारे गए लोगों में कर्नाटक के व्यापारी मंजूनाथ राव भी शामिल हैं।

अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी की आवाजें आने की शुरुआती खबर मिलने के बाद सेना, सीआरपीएफ और स्थानीय पुलिस बैसरन पहुंची। बैसरन तक केवल पैदल या घोड़ों से ही पहुंचा जा सकता है, इसलिए घायलों को निकालने के लिए हेलीकॉप्टर की मदद ली गयी। कुछ घायलों को स्थानीय लोग अपने खच्चरों पर लादकर घास के मैदान से नीचे लाये। पर्यटक परिवारों को कड़ी सुरक्षा के बीच सरकारी स्वामित्व वाले पहलगाम क्लब ले जाया गया। अधिकारियों ने संभावना जताई कि आतंकवादी जम्मू के किश्तवाड़ से दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग के रास्ते बैसरन तक पहुंचे होंगे।

पहलगाम शहर से लगभग छह किलोमीटर दूर बैसरन, घने देवदार के जंगलों और पहाड़ों से घिरा एक विशाल घास का मैदान है। यह देश और दुनिया के पर्यटकों एवं ट्रेकर्स का पसंदीदा स्थान है। यह 1980 के दशक में फिल्म निर्माताओं का बेहद पसंदीदा स्थान था। यह हमला ऐसे समय हुआ है जब अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भारत की यात्रा पर हैं। मार्च 2000 में जब तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन भारत के दौरे पर थे, तब आतंकवादियों ने दक्षिण कश्मीर के छत्तीसिंहपुरा में 35 सिखों की हत्या कर दी थी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button