हरियाणा

दादरी में 6.34 करोड़ से बनेगा मॉडल स्कूल का नया भवन

विधायक सुनील सांगवान ने शुभारंभ किया, जलभराव की समस्या से मिलेगा स्थायी समाधान, लाइब्रेरी में बढ़ेंगी किताबें, बच्चों को मेहनत से आगे बढ़ने का संदेश

चरखी दादरी। दादरी शहर स्थित शहीद दलबीर सिंह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक संस्कृति मॉडल स्कूल के नए भवन निर्माण का शुभारंभ विधायक सुनील सांगवान ने नारियल फोड़कर किया। करीब 634.77 लाख रुपये की लागत से बनने वाले यह आधुनिक भवन न केवल शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाएगा, बल्कि लंबे समय से स्कूल परिसर में हो रही जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान भी करेगा। विधायक सुनील सांगवान ने बताया कि लंबे समय से स्कूल परिसर में जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई थी, जिससे विद्यार्थियों और स्टाफ को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इस मुद्दे को लेकर उन्होंने 21 सितंबर 2025 को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर नया भवन बनाने की मांग रखी थी। सरकार द्वारा मांग पर संज्ञान लेते हुए भवन निर्माण को मंजूरी दी गई, जिसके बाद अब निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया है। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने स्कूल की पुरानी बिल्डिंग, लाइब्रेरी और कार्यालयों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने लाइब्रेरी को और समृद्ध बनाने के लिए प्राचीन इतिहास और सामान्य ज्ञान से जुड़ी नई पुस्तकों की व्यवस्था करने की घोषणा की। उनका कहना था कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। विधायक सुनील सांगवान ने जिला शिक्षा अधिकारी धर्मेंद्र चौधरी और पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन के एक्सईएन विकास दहिया को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि बच्चों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन मिल सके। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए उन्हें ईमानदारी और मेहनत से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बिना पर्ची-खर्ची के युवाओं को रोजगार के अवसर दे रही है, इसलिए छात्र अपनी पढ़ाई पर पूरा ध्यान दें और अपने लक्ष्य को हासिल करें। स्कूल प्राचार्य विनोद कुमार सहित समस्त स्टाफ ने विधायक का स्वागत किया और नए भवन के निर्माण शुरू होने पर आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बीईओ सुरेश यादव, एसडीओ विजय कादयान, कंट्रेक्टर राजकुमार जांगड़ा, डा. सतीश साहू, संजय शास्त्री, धर्मेंद्र सांगवान, नप वाइस चेयरमैन संदीप फोगाट, रीतू गोयल, प्रवीन सैनी, विक्रम श्योराण सहित स्कूल स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button