समाचारलोक

स्वयंभू पत्रकारों को मान्यता प्राप्त पत्रकारों जैसी सुरक्षा नहीं

प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों को विशेष संरक्षण का अधिकार है या नहीं, सुप्रीम कोर्ट करेगा विचार

सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को कहा कि प्रदर्शन और विरोध-प्रदर्शनों की कवरेज करने वाले ‘स्वयंभू पत्रकारों’ (Self-proclaimed Journalists) को मान्यता प्राप्त पत्रकारों (Accredited Journalists) के समान संरक्षण मिलना जरूरी नहीं है। अदालत दिल्ली में अक्टूबर में मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ हुए प्रदर्शनों के दौरान पत्रकारों के साथ पुलिस की कथित ज्यादती से संबंधित याचिकाओं पर सुनवाई कर रही थी।

भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ ने सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुभाष रेड्डी की अध्यक्षता वाली जांच समिति से उन आरोपों की जांच करने को कहा, जिनमें कहा गया है कि प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार किया और उन्हें गलत तरीके से हिरासत में लिया।

पीठ का हिस्सा रहे न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची ने कहा, पत्रकार होने का दर्जा कोई व्यक्ति स्वयं अपने आप को नहीं दे सकता।

उन्होंने कहा, यदि आप किसी समाचार पत्र या प्रिंट मीडिया से जुड़े पत्रकार हैं तो आपको मान्यता प्राप्त पत्रकार माना जाता है। यदि आप उस समाचार पत्र के टीवी चैनल से जुड़े हैं तो उसी के अनुसार आपको मान्यता मिलती है। आप ऑनलाइन पत्रकार भी हो सकते हैं और इसके लिए आपका पंजीकरण भी हो सकता है।

न्यायमूर्ति बागची ने टिप्पणी की, इन सभी बातों को ध्यान में रखना होगा। हम ऐसे दौर में हैं जहां अलग-अलग व्यक्ति स्वयं को पत्रकार घोषित कर रहे हैं। स्वयंभू पत्रकारों को मान्यता प्राप्त पत्रकारों के समान संरक्षण शायद नहीं मिल सकता।

ये टिप्पणियां केरल यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (KUWJ) की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान आईं। याचिका में आरोप लगाया गया था कि प्रदर्शन की कवरेज कर रहे सात पत्रकारों के साथ दिल्ली पुलिस ने दुर्व्यवहार किया था।

पीठ ने संकेत दिया कि वह पत्रकारों के अधिकारों से जुड़े व्यापक सवालों पर भी विचार करेगी। इनमें यह सवाल शामिल है कि क्या विरोध-प्रदर्शनों की कवरेज करते समय पत्रकारों को कोई विशेष कानूनी संरक्षण प्राप्त है?

पत्रकारों के साथ पुलिस की कथित ज्यादती के आरोपों पर दिल्ली पुलिस ने पहले पत्रकारों और सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने वाले कंटेंट क्रिएटर्स अथवा ‘रील बनाने वालों’ के बीच अंतर स्पष्ट करने की कोशिश की थी।

पुलिस ने अपने हलफनामे में कहा था कि पत्रकारों का एक अलग वर्ग है। वे उन लोगों से अलग हैं, जो कैमरे और माइक्रोफोन लेकर घूमते हैं, लेकिन उनका उद्देश्य प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक या डिजिटल मीडिया के माध्यम से समाचार देना नहीं, बल्कि अन्य गतिविधियों के साथ-साथ कंटेंट का व्यावसायिक इस्तेमाल करना होता है।

KUWJ की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता पीवी दिनेश ने दलील दी कि पुलिस के हलफनामे में पत्रकारों की ओर से लगाए गए विशिष्ट आरोपों का जवाब नहीं दिया गया है। उन्होंने अदालत से इस मामले में नया जवाब दाखिल करने का निर्देश देने का अनुरोध किया।

हालांकि, सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने इस दलील का विरोध करते हुए कहा कि पुलिस के हलफनामे में सभी आरोपों का जवाब दिया गया है।

न्यायमूर्ति बागची ने कहा कि याचिका में कई ऐसे तथ्यात्मक सवाल उठाए गए हैं, जिन पर कोई निर्णय लेने से पहले उनकी जांच और पुष्टि करना आवश्यक होगा।

पत्रकारों को संविधान के तहत मिलने वाले संरक्षण के सवाल पर अदालत ने कहा कि सबसे पहले यह तय करना होगा कि पत्रकार किसे माना जाए। क्या पत्रकार वह है जो प्रेस काउंसिल में पंजीकृत है, किसी पंजीकृत समाचार पत्र या टीवी चैनल में काम करता है अथवा वह व्यक्ति भी पत्रकार की श्रेणी में आएगा, जो सोशल मीडिया पर रील बनाकर खुद को नागरिकों की आवाज उठाने वाला प्रतिनिधि बताता है?

न्यायमूर्ति बागची ने कहा कि अदालत पहले सैद्धांतिक मुद्दों पर विचार करेगी। उन्होंने सवाल उठाया कि किसी जमावड़े या प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों को कानून लागू कराने वाली एजेंसियों के संदर्भ में क्या कोई विशेष अधिकार या विशेषाधिकार प्राप्त होना चाहिए? या फिर ऐसी स्थिति में पुलिस और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों का एकमात्र उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना होना चाहिए और पत्रकारों को इसके अतिरिक्त कोई विशेषाधिकार नहीं मिलना चाहिए?

उन्होंने आगे कहा, यदि हमें इन मुद्दों पर विचार करके कोई फैसला करना है तो इसमें मूल रूप से विभिन्न अधिकारों के बीच संतुलन स्थापित करने का सवाल होगा। एक सवाल यह भी उठ सकता है कि क्या किसी प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों के साथ अन्य लोगों की तुलना में अलग या बेहतर व्यवहार किया जाना चाहिए, जबकि यह निर्विवाद है कि उन्हें अपना पेशा जारी रखने का अधिकार है।

अंततः सुप्रीम कोर्ट ने याचिका का निपटारा करते हुए पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुभाष रेड्डी की अध्यक्षता वाली जांच समिति को पुलिस के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच करने का निर्देश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button