
कांग्रेस ने डा. अंबेडकर का अपमान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी : सैनी
भारतीय जनता पार्टी हरियाणा प्रदेश कार्यालय ‘पंचकमल’ में मंगलवार को कोर ग्रुप की बैठक आयोजित की गई। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, राष्ट्रीय महासचिव ओम प्रकाश धनखड़, केंद्रीय संसदीय बोर्ड सदस्य डा. सुधा यादव, केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, डा. कमल गुप्ता, कैप्टन अभिमन्यु, संगठनमंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा सहित कोर ग्रुप समिति के अन्य वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे।
लगभग दो घंटे तक चली कोर ग्रुप की बैठक में नारी शक्ति वंदन अधिनियम, पीएम के मन की बात कार्यक्रम समेत पार्टी के अन्य जो कार्यक्रम हुए हैं और आगामी दिनों में जो होने हैं उन पर चर्चा की गई। सभी नेताओं ने होने वाले नगर निकाय चुनाव की रणनीति पर भी मंथन किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य सरकार की नीतियों पर विस्तृत चर्चा की वहीं प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने बैठक में संगठनात्मक विषयों को रखा।
लोकसभा में नारी शक्ति वंदन बिल आ रहा-मुख्यमंत्री
नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा से ही महिला सखी योजना का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री का विजन है कि महिलाएं मजबूत हों और विकसित भारत के संकल्प में उनकी प्रमुख भूमिका रहे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का कहना है कि देश के विकास में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा सदा ही चुनाव के लिए तैयार रहती है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आजादी के बाद डा. अंबेडकर को किसी ने सम्मान दिया है तो वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा डा. अंबेडकर को नीचा दिखाने का काम किया। कांग्रेस ने डा. अंबेडकर के नाम पर वोट तो लिए परन्तु उन्हें अपमानित करने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी। राहुल गांधी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संविधान की किताब को उठाकर अलग-अलग स्थानों पर घूमकर डा. अंबेडकर का अपमान कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बाबा साहेब से जुड़े पांच स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित कर उनको सम्मान दिया है।निकाय चुनाव की रणनीति : मोहन लाल बड़ौली*
बैठक के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने भी बैठक में लिए गए निर्णयों को पत्रकारों के साथ साझा किया। उन्होंने कहा कि आज की बैठक में पार्टी स्तर पर चलाए गए प्रशिक्षण महाअभियान, पार्टी का स्थापना दिवस, नारी शक्ति वंदन अधिनियम के अलावा पार्टी की होने वाली नियमित बैठकें, पीएम मोदी के मन की बात कार्यक्रम की समीक्षा की गई है।बड़ौली ने कहा कि निकाय चुनाव को लेकर रणनीति तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव के लिए पार्टी ने मंत्री और पदाधिकारियों की ड्यूटी लगाई हुई है। इसके अलावा जहां-जहां उपचुनाव है वहां पर तीन सदस्यीय कमेटी का पहले ही गठन हो चुका है। इस कमेटी में जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी और महामंत्री को शामिल किया गया है।
श्री बड़ौली ने कहा कि निकाय चुनाव के लिए पांच सदस्यीय कमेटी जहां-जहां चुनाव होने हैं वहां पर 15 और 16 अप्रैल को रायशुमारी कर रिपोर्ट तैयार करेगी। चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं से फार्म भी लिए जाएंगे। पार्टी के वरिष्ठ नेता चुनाव क्षेत्र में वहां के विधायकों, मंत्रियों से भी अलग से चर्चा करेंगे। 17 अप्रैल से 19 अप्रैल तक चुनाव वाले क्षेत्र के हर वार्ड में कार्यकर्ताओं की बैठकें होंगी। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 20 अप्रैल को चुनाव समिति की बैठक होगी जिसमें उम्मीदवारों के नाम तय किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है और जनता भी कांग्रेस पर विश्वास नहीं करती। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में भाजपा की जीत तय है।




