
भिवानी-महेंद्रगढ़ से भाजपा उम्मीदवार धर्मबीर सिंह की नामांकन सभा से राव इंद्रजीत सिंह का दूरी बनाना कई सवाल खड़े कर गया है। हालांकि, अभी तक इसकी कोई अाधिकारिक वजह तो नहीं बताई गई है, लेकिन कहा जा रहा है कि इंद्रजीत इस बार धर्मबीर को सीधा समर्थन देकर कांग्रेस उम्मीदवार राव दान सिंह को नाराज नहीं करना चाहते। दान सिंह की नाराजगी से उन्हें गुड़गांव में नुकसान होने की आशंका है। शनिवार को भिवानी महेंद्रगढ़ से धर्मबीर सिंह ने सभा कर अपना नामांकन दाखिल किया। लेकिन, इस मौके पर अहीरवाल के दिग्गज नेता राव इंद्रजीत सिंह की अनुपस्थिति चौंकाने वाली रही। भाजपा द्वारा पिछले कुछ दिनों से नामांकन सभा के लिए किए जा रहे प्रचार के अनुसार राव इंद्रजीत सिंह को इस अवसर पर मुख्य नेता के तौर पर पहुंचना था।
बतौर सांसद अपने 10 साल के कार्यकाल में धर्मवीर सिंह हमेशा राव इंद्रजीत सिंह के साथ खड़े रहे हैं। राव इंद्रजीत सिंह भी सार्वजनिक तौर पर धर्मवीर सिंह को अपना लक्ष्मण जैसा छोटा भाई बताते रहे हैं। यहां तक कि टिकट वितरण में जब धर्मवीर सिंह का दावा भूपेंद्र यादव, डॉ अभय सिंह व सुधा यादव के सामने कमजोर पड़ने लगा तो राव इंद्रजीत सिंह ने अपना अकाट्य दांव खेलते हुए टिकट की बाजी उनके नाम की थी। धर्मवीर सिंह पिछले दोनों चुनावों में जिला महेंद्रगढ़ से भारी बढ़त लेकर विजयी हुए थे। इस बार भी उन्हें यही उम्मीद थी कि राव इंद्रजीत सिंह के दम पर एक बार फिर जिला महेंद्रगढ़ से वो जीत की हैट्रिक बनाएंगे। लेकिन कांग्रेस पार्टी ने महेंद्रगढ़ के विधायक राव दानसिंह को टिकट देकर सारा खेल उलझा दिया है।
धर्मवीर सिंह के लिए जिला महेन्द्रगढ़ से पिछली बार जैसा परिणाम पाना इतना आसान नही लग रहा है। अगर उन्हें कोई सहारा नजर आ रहा है तो वो हैं राव इंद्रजीत सिंह। इसलिए नामांकन सभा मे उन्हें मुख्य नेता के तौर पर आमंत्रित किया गया था। सभा मे राव समर्थक अच्छी संख्या में पहुंचे भी, लेकिन राव इंद्रजीत नही पहुंच पाए। जिसके कारण खुद धर्मवीर सिंह भी थोड़े निराश नजर आए। क्योंकि पिछले दोनो चुनावो में भारी बढ़त देने वाला जिला महेंद्रगढ़ कांग्रेस प्रत्याशी राव दानसिंह के कारण उनके हाथों से निकलता दिखाई दे रहा है। ऐसे समय मे राव इन्द्रजीत सिंह का ना आना कहीं ना कहीं उन्हें मायूस कर रहा है, क्योंकि उनके बिना अहीरवाल के इस क्षेत्र को फतह कर पाना धर्मवीर सिंह के आसान नहीं है।हालांकि राव इंद्रजीत सिंह समर्थकों द्वारा यह बताया जा रहा है कि आज गुरुग्राम में जनसंपर्क कार्यक्रम होने के कारण वो नही आ पाए, शीघ्र ही वो चुनावी सभाएं कर धर्मवीर सिंह के लिए वोट मांगेंगे।