
झज्जर जिले के गांव बराणी गांव से 9 वर्षीय बालक के अपहरण कर पांच करोड़ रुपये की फिरौती लेने के मामले में एसटीएफ बहादुरगढ़ ने मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर फिरौती की रकम में से 1 करोड़ 12 लाख 90 हजार 500 रुपये बरामद किए गए हैं। एसटीएफ बहादुरगढ़ प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोविंद निवासी कंसाला के रूप में हुई है। आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में वारदात के षड्यंत्र में उसकी भूमिका सामने आई है। दरअसल, गत चार मार्च को होली खेलते समय झज्जर जिले के गांव बराणी से 9 वर्षीय बालक हुनरजीत का स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया था। आरोपियों ने बच्चे के परिजनों से पांच करोड़ रुपये की फिरौती वसूलने के बाद उसे रोहतक में छोड़ दिया था। इस मामले में एसटीएफ पहले ही अंतरराष्ट्रीय पैरा जूडो खिलाड़ी मोनू निवासी कंसाला और उसके साले मनीष निवासी बराणी को गिरफ्तार कर चुकी है। दोनों आरोपियों को पहले पांच दिन के रिमांड पर लिया गया था। पूछताछ के दौरान ही गोविंद का नाम सामने आया, जिसके बाद अब उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। कंसाला स्थित गोविंद के बंद मकान से 1 करोड़ 12 लाख 90 हजार 500 रुपये की नकदी बरामद की गई है। एसटीएफ प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि आरोपी से रिमांड के दौरान गहन पूछताछ की जा रही है। उम्मीद है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और फिरौती की बाकी रकम की बरामदगी भी जल्द की जाएगी।




