
हरियाणा में 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस विधायक शिमला में रहेंगे। विधायक शिमला सिटी से 22 किलोमीटर दूर कुफरी के नजदीक गलू स्थित होटल ट्विन टावर में ठहरेंगे। यहां विधायकों के लिए कमरे पहले से बुक हैं। इसके अलावा, कुफरी के होटल रेडिसन में भी कुछ कमरे बुक किए गए हैं। यहां कांग्रेस सांसदों व नेताओं को ठहराया गया है। होटलों के बाहर हिमाचल पुलिस का पहरा है।
कांग्रेस विधायक 3 टेम्पो ट्रैवलर में सवार होकर यहां पहुंचे। हरियाणा बॉर्डर से ही हिमाचल पुलिस इन्हें एस्कॉर्ट कर लेकर आई। भूपेंद्र सिंह हुड्डा, बादली विधायक कुलदीप वत्स, जुलाना विधायक विनेश फोगाट, पंचकूला विधायक चंद्रमोहन बिश्नोई, पुन्हाना विधायक मोहम्मद इलियास और टोहाना विधायक परमवीर सिंह इनके साथ नहीं गए।
वहीं भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मुझे नहीं पता कि विधायक कहां गए हैं, वे मुझसे पूछकर नहीं गए। 16 मार्च को सभी विधायक वोट डालेंगे और इसके बाद विधानसभा सेशन जॉइन करेंगे। किस विधायक ने किसको वोट किया है ये मैं और प्रभारी बीके हरिप्रसाद देखेंगे। हाईकमान ने हमें ये जिम्मेदारी दी है।
दोपहर को हुड्डा के आवास पर विधायकों के लिए लंच रखा गया था। 1 बजे तक सभी 37 विधायक हुड्डा के आवास पर पहुंच गए थे। हालांकि, विधायक चंद्रमोहन बीच में ही बैठक छोड़कर चले गए।




