
संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से, परिसीमन और महिला आरक्षण पर हो सकती है चर्चा
सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाने का प्रस्ताव रखा है। इसके तहत लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को फिर से शुरू होगी। दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर को समाप्त हो सकती है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “सरकार ने माननीय लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति से अनुरोध किया है कि आवश्यक सरकारी कामकाज निपटाने के लिए लोकसभा की बैठक सोमवार, 30 नवंबर 2026 और राज्यसभा की बैठक बुधवार, 2 दिसंबर 2026 को फिर से बुलाई जाए। सदनों का कामकाज और अन्य आवश्यकताओं को देखते हुए दोनों सदनों का सत्र 3 दिसंबर को समाप्त हो सकता है।”
इस घोषणा के मद्देनजर कांग्रेस ने आगामी संसदीय सत्र की रणनीति पर विचार-विमर्श के लिए शुक्रवार शाम 4:30 बजे दिल्ली में अपनी संसदीय रणनीति समूह (Parliamentary Strategy Group) की बैठक बुलाई है। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, बैठक में संसद के आगामी सत्र के दौरान पार्टी की रणनीति पर चर्चा होगी।
प्रस्तावित विशेष सत्र ऐसे समय में बुलाया जा रहा है, जब सरकार की परिसीमन योजना और महिला आरक्षण लागू करने के तौर-तरीकों को लेकर राजनीतिक बहस जारी है। सूत्रों के हवाले से पीटीआई की पहले की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में भी इस मुद्दे पर चर्चा हुई थी। प्रधानमंत्री ने मंत्रियों से आगामी संसदीय सत्र के लिए तैयार रहने को कहा था।
संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 के जरिए महिला आरक्षण के क्रियान्वयन को निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन से जोड़ने का प्रस्ताव था। हालांकि, 17 अप्रैल को संसद के विशेष सत्र के दौरान लोकसभा में यह विधेयक आवश्यक दो-तिहाई बहुमत हासिल करने में विफल रहा था। विधेयक के गिरने के बाद परिसीमन की प्रक्रिया और लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव चर्चा के केंद्र में आ गया था।
परिसीमन को लेकर जारी बहस में एक प्रस्ताव यह भी शामिल है कि सभी राज्यों में लोकसभा की सीटों की कुल संख्या में लगभग 50 प्रतिशत की वृद्धि की जाए, लेकिन 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा आनुपातिक हिस्सा बरकरार रखा जाए।
आगामी संसदीय सत्र के दौरान मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) का मुद्दा भी उठ सकता है। विपक्षी दल इस प्रक्रिया को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं और संसद में इस पर चर्चा कराने की मांग कर सकते हैं।




